के.के. मिश्रा, संवाददाता
संत कबीर नगर। गंगा देवी कपिल देव तिवारी पीजी कॉलेज, भुजैनी, संत कबीर नगर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंधक उदयराज तिवारी एवं वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. रंगनाथ तिवारी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ तथा मां सरस्वती एवं अमर शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।




समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. रंगनाथ तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर अमर शहीदों के त्याग, समर्पण और बलिदान का स्मरण कराता है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।महाविद्यालय के प्रबंधक उदयराज तिवारी ने छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित प्रबुद्धजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति और उत्थान में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का पूरी निष्ठा से पालन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के सहयोगी प्रमोद कुमार यादव ने सभी आगंतुक अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन हरिशंकर शुक्ला ने किया।