बस्ती। स्वामी दयानंद विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य तिरंगा यात्रा से हुआ। यात्रा में विद्यालय के बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष करते हुए आमजन को देशभक्ति का संदेश देते नजर आए।


समारोह में आर्य समाज नई बाजार, बस्ती के प्रधान ओम प्रकाश आर्य तथा पुरानी बस्ती थानाध्यक्ष शशांक शेखर राय ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, प्रेरणादायक कहानियां एवं भाषण प्रस्तुत कर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
शिक्षकों एवं बच्चों को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष शशांक शेखर राय ने कहा कि देश में स्वतंत्रता का 80वां महोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह अवसर स्वामी दयानंद, महात्मा गांधी, भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद सहित सैकड़ों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का है।
ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि भारत आज विज्ञान, शिक्षा, कृषि, साहित्य, खेल और टेक्नोलॉजी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विश्व स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर रहा है। इसके बावजूद अपराध, भ्रष्टाचार, हिंसा, नक्सलवाद, आतंकवाद, गरीबी और बेरोजगारी जैसी चुनौतियां देश के सामने हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए, तभी “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का सपना साकार होगा।
प्रधानाध्यापक आदित्य नारायण गिरि ने कहा कि तिरंगे के नीचे एकजुट होकर हमें स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए देश की एकता, अखंडता और अक्षुण्णता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने देश की रक्षा एवं सम्मान के लिए सदैव ईमानदारी और देशभक्ति की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दिनेश मौर्य, देवव्रत आर्य, अरविंद श्रीवास्तव और अनूप कुमार त्रिपाठी ने कहा कि युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है। इससे उनमें देश के प्रति निष्ठा, समर्पण, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित होगी।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक गरुण ध्वज पाण्डेय ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही देश की एकता-अखंडता, भारतीय धरोहर, संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं को सुरक्षित रखा जा सकता है।
इस दौरान ओम प्रकाश आर्य एवं प्रमोद कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में राधा देवी, नितीश कुमार, अनीशा मिश्रा, अंशिका पाण्डेय, ज्योति सोनी, गुंजा गुप्ता, स्वपनल, महक मिश्रा, शिवांगी गुप्ता, महिमा, दिव्यांश, दिव्यांशु, सांची, खुशी, साक्षी सोनी, ईशा, नैना, भव्या, अवंतिका, सौम्या, अंशिता, अर्पिता चौरसिया, आन्या, रिया अग्रहरि, प्रज्ञा, गुंजन, वंदना, सोनाक्षी, राधिका, रिया एवं प्रगति सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।