बस्ती में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण।

Vijaydoot News

बस्ती। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिले में सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों तथा प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूली छात्र-छात्राओं ने प्रभातफेरी निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान “15 अगस्त अमर रहे” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा।

मंडलायुक्त कार्यालय में हुआ ध्वजारोहण

मंडलायुक्त कार्यालय में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय तिरंगे का अभिवादन करते हुए राष्ट्रगान गाया। मंडलायुक्त ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभाकक्ष में आयोजित गोष्ठी को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि अमर शहीदों के त्याग और बलिदान के कारण देश को स्वतंत्रता मिली। वर्ष 1857 में विद्रोह की चिंगारी भले ही तत्काल सफल नहीं हो सकी, लेकिन इसी आंदोलन ने आगे चलकर राष्ट्रीय चेतना का व्यापक प्रसार किया और जनमानस में स्वतंत्रता की भावना को मजबूत किया।

उन्होंने कहा कि शासकीय सेवक के रूप में सभी की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप सरकारी नीतियों का जनहित में सतर्कतापूर्वक प्रयोग किया जाए। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को स्वीकार करते हुए बेहतर परिवेश तैयार करने का संकल्प लेना ही वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मंडलायुक्त ने तकनीकी विकास पर विशेष जोर देते हुए कहा कि देश को पूर्ण रूप से विकसित बनाने के लिए तकनीकी प्रगति आवश्यक है। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पुनीत भाव से निर्वहन करना चाहिए। आमजन का स्वागत करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर सरलता एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। उन्होंने कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार के लिए आत्मचिंतन करने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भारत विकसित देशों की श्रेणी की ओर तेजी से अग्रसर है। इसके लिए तकनीकी विकास के साथ मानवीय मूल्यों को मजबूत करना जरूरी है। सभी नागरिकों को पंथ और संप्रदाय के नाम पर विभाजित होने के बजाय एकजुट रहकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

गोष्ठी में अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, अपर आयुक्त न्यायिक सुरेंद्र प्रसाद यादव, संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, डीडी पंचायत हरिकेश बहादुर, प्रशासनिक अधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय एवं रमेश चंद्र कन्नौजिया ने भी राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत विचार व्यक्त किए।

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्राओं ने शिक्षिकाओं के निर्देशन में मनमोहक राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया। श्रुति मिश्रा ने ओजस्वी भाषण देकर उपस्थित लोगों में देशभक्ति का संचार किया। मंडलायुक्त ने छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र श्रीवास्तव ने किया।

कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने फहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन करने के बाद सामूहिक राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गायन हुआ। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं चंद्रशेखर आजाद के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। जीजीआईसी की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। इसके बाद जिलाधिकारी गांधी कला भवन पहुंचीं और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने संविधान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर सेनानियों को स्मरण करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने का अवसर प्रदान करता है। स्वतंत्रता सेनानियों के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप आज हम स्वतंत्र देश में जीवन जी रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने आचरण एवं व्यवहार में मृदुभाषी होना चाहिए। स्वतंत्रता और स्वच्छंदता के बीच के अंतर को समझना आवश्यक है। सरकारी अधिकारी-कर्मचारी के रूप में सभी को सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समस्या लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनकर उसके समाधान का प्रयास किया जाना चाहिए।

अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता ने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि उन्हीं के त्याग के कारण आज हम स्वतंत्र देश में रह रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन के प्रति मृदुभाषी व्यवहार रखने तथा अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार, रश्मि यादव, राजेश रंजन, मोतीलाल रंजन, राघवशरण शुक्ला, वीरेंद्र कुमार, सुदर्शन यादव, सुरजीत कुमार, दीपक शुक्ला, इन्द्र कुमार गुप्ता, रैनो बाला, पिंकी श्रीवास्तव, ओम प्रकाश मिश्रा, अशोक चौधरी, धनंजय सिंह, सरदार जगवीर सिंह, जीजीआईसी शिक्षिका मानवी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।