के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। खलीलाबाद नगर पालिका परिषद में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष जगत जायसवाल ने पालिका परिसर में ध्वजारोहण कर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।




स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मेहदावल बाईपास और मेहदावल चौराहे पर भी देशभक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने अपनी टीम के साथ मेहदावल बाईपास स्थित राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ की विधिवत जल से सफाई कर स्वच्छता एवं राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान का संदेश दिया।
अशोक स्तंभ की सफाई एवं सौंदर्यीकरण के बाद अध्यक्ष जगत जायसवाल सैकड़ों स्थानीय नागरिकों और समर्थकों के साथ मेहदावल चौराहे पर पहुंचे, जहां स्वतंत्रता दिवस का उत्सव उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। चौराहे पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह महान देशभक्तों और महापुरुषों के अतुलनीय बलिदानों का परिणाम है। हमें उनके त्याग और संघर्ष को सदैव याद रखना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्रीय प्रतीकों और ऐतिहासिक धरोहरों की सम्मानपूर्वक देखभाल करने की अपील की। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक, समर्थक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।