रिपोर्ट : राहुल मिश्रा।
मिश्रिख, सीतापुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिश्रिख ब्लॉक प्रमुख रामकिंकर पांडे की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पत्रकारों को पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रामकिंकर पांडे ने कहा कि देश निरंतर विकास की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही है और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने और उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है। देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बबलू पांडे, रामकृष्ण भार्गव, मिश्रिख विधानसभा क्षेत्र से अंकित शुक्ला, नगर पालिका मिश्रिख के मनोनीत सभासद देवेश पांडे, भोला त्रिपाठी, प्रधान राजन मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।