रिपोर्ट : राहुल मिश्रा।
मिश्रिख। मौसम में बदलाव के साथ ही क्षेत्र में बुखार, मलेरिया और संक्रमण से जुड़ी बीमारियों के मामले बढ़ने लगे हैं। ऐसे समय में मिश्रिख नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में कथित झोलाछाप डॉक्टरों के सक्रिय होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि बिना उचित पंजीकरण एवं आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के संचालित किए जा रहे क्लीनिकों पर मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीमारी के बढ़ते प्रकोप के बीच भोली-भाली जनता इन कथित चिकित्सकों के चंगुल में फंसकर आर्थिक शोषण का शिकार हो रही है। क्षेत्र में पूर्व में भी कथित झोलाछाप डॉक्टरों के उपचार से जुड़ी कई घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद ऐसे अवैध क्लीनिकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा अवैध रूप से संचालित चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद मिश्रिख क्षेत्र में कई स्थानों पर कथित रूप से बिना पंजीकरण के क्लीनिक संचालित होने की शिकायत है।
लोगों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए एक विशेष जांच टीम गठित कर क्षेत्र में संचालित क्लीनिकों की जांच कराने तथा बिना पंजीकरण एवं निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग से नियमित निरीक्षण कर लोगों को झोलाछाप डॉक्टरों के चंगुल से बचाने की अपील की गई है।