नगला जरैला स्कूल में देशभक्ति के नारों के बीच मनाया गया स्वतंत्रता दिवस।

Vijaydoot News

मथुरा। विकासखंड नंदगांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला जरैला में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति के गगनभेदी नारों से गांव की गलियों को गुंजायमान कर दिया।

विद्यालय परिसर में मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य कल्लू खान, प्रधानाध्यापक त्रिलोक चंद्र दुबे एवं समस्त विद्यालय स्टाफ की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीतों और ओजस्वी प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि कल्लू खान, प्रधानाध्यापक त्रिलोक चंद्र दुबे एवं वरिष्ठ सहायक अध्यापक आसिफ अख्तर ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और देशप्रेम से प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत सदस्य कल्लू खान ने की, जबकि संचालन सहायक अध्यापक देवेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर सहायक अध्यापक आसिफ अख्तर, देवेंद्र कुमार, सुमन वर्मा, राधा शर्मा, हेमंत कुमार एवं सुधा यादव सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बविता, आबिदा और हसीना तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर अक्षयपात्र संस्था की ओर से विद्यार्थियों को बिस्कुट एवं पॉपकॉर्न तथा विद्यालय परिवार की ओर से बूंदी का वितरण किया गया। इस दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।