एक दिन अनुपस्थित 279 शिक्षकों का रोका वेतन बहाल, बीएसए ने दी कड़ी चेतावनी।

Vijaydoot News

मथुरा। परिषदीय विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान एक दिन अनुपस्थित पाए गए 279 शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को बड़ी राहत मिली है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मथुरा ने इन कर्मचारियों का पूर्व में रोका गया वेतन एवं मानदेय बहाल करने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही भविष्य में अनुपस्थिति पाए जाने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा पत्रांक बे0शि0/0760-77/2026-27, दिनांक 13 अगस्त 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि जिन शिक्षक एवं कर्मचारियों के एक या एक से अधिक दिवस का वेतन/मानदेय अनुपस्थिति के कारण काटा गया था और जिन्होंने इसके विरुद्ध प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था, उनके प्रकरणों पर विचार करने के बाद वेतन एवं मानदेय बहाल करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संबंधित शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक भविष्य में टाइम एंड मोशन व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। यदि कोई कर्मचारी दोबारा अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

विभागीय आदेश के अनुसार यह कार्रवाई बेसिक शिक्षा विभाग, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा, जिलाधिकारी मथुरा, सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक शिक्षा अलीगढ़ मंडल सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, संबंधित प्रधानाध्यापकों एवं संबंधित शिक्षक, शिक्षामित्र तथा अनुदेशकों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेजी गई है। बीएसए कार्यालय की ओर से उक्त आदेश की प्रतिलिपि 13 अगस्त 2026 को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है।