वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देकर याद किया।

Vijaydoot News

मथुरा। भारतीय लोधी लोध महासभा द्वारा भारत की वीरभूमि की अमर वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी की 195 वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी महिला पार्क में समाज के लोगों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने एकत्र होकर रानी जी की भव्य प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान “रानी अवंतीबाई लोधी अमर रहे” के नारों से पार्क गूंज उठा।

भारतीय लोधी महासभा के अध्यक्ष मंगल सिंह लोधी, डा. राजेन्द्र प्रसाद लोधी ने रानी अवंतीबाई के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म 16 अगस्त 1831 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के मनकेहड़ी गांव में हुआ था। रामगढ़ रियासत की रानी बनने के बाद उन्होंने कुशल प्रशासन का परिचय दिया। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में रानी अवंतीबाई ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ मोर्चा संभाला और आसपास के राजाओं को एकजुट कर संघर्ष का आह्वान किया। 20 मार्च 1858 को देवहारगढ़ के युद्ध में अंग्रेजों से घिर जाने पर उन्होंने आत्मसमर्पण के बजाय वीरगति को चुना।

सपा नेता अनिल अग्रवाल ने कहा कि रानी अवंतीबाई का जीवन साहस, शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल है। उनका बलिदान हमें राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर अखिल भारतीय लोधी लोध महासभा के जिला अध्यक्ष मंगल सिंह लोधी, महामंत्री बाबू लोधी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद लोधी, सपा नेता अनिल अग्रवाल, सपा नेता देवेंद्र पहलवान, सपा नेता रमेश सैनी, कांग्रेस नेता कुंवर निषाद सहित समाज के गणमान्य लोग प्रकाश पेट्रोल पंप, भजनलाल मुनीम, अनिल पटेल, डॉ. सतीश राजपूत, एड. मनीष, विवेक लोधी आदि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।