सड़क दुर्घटना में पत्रकार की भतीजी समेत दो की मौत, एक गंभीर।

Vijaydoot News

मथुरा। थाना सदर बाजार क्षेत्र के औरंगाबाद इलाके में रविवार को तेज गति एवं लापरवाही से चलाए जा रहे डंपर की चपेट में आने से पत्रकार इरफान अली सैफी की छह वर्षीय भतीजी आयरा समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने डंपर और उसके चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, तेज गति से आ रहे डंपर ने सड़क पर जा रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में प्रशांत (20 वर्ष), निवासी श्रीजी विहार, औरंगाबाद, थाना सदर बाजार, मथुरा तथा आयरा (6 वर्ष), पुत्र इमरान की मौत हो गई।

बताया गया है कि प्रशांत का आर्मी में चयन हुआ था और वह फिलहाल चयन प्रक्रिया में था।
हादसे में आयरा की मां गीता देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने डंपर और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पत्रकार इरफान अली सैफी के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने थाना सदर बाजार पुलिस से आरोपी डंपर चालक के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि चालक की तेज गति और लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।
बाइट: इरफान अली सैफी मृतक के चाचा