डॉ. अर्चना ठाकुर ओएनजीसी की स्वतंत्र निदेशक नियुक्त।

Vijaydoot News

शिमला/कुल्लू। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने हिमाचल भाजपा नेत्री डॉ. अर्चना ठाकुर को सार्वजनिक क्षेत्र के नवरत्न उपक्रम तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) में तीन वर्ष के लिए स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। डॉ. अर्चना ठाकुर इस प्रतिष्ठित पद पर नियुक्त होने वाली पहली हिमाचली महिला बताई जा रही हैं।

मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घागस क्षेत्र से संबंध रखने वाली डॉ. अर्चना ठाकुर वर्तमान में अपने परिवार के साथ कुल्लू में रहती हैं। सैनिक परिवार की पृष्ठभूमि से आने वाली डॉ. ठाकुर की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर कॉलेज तक की पढ़ाई शिमला में हुई। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से वर्ष 1999 में राजनीति विज्ञान में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की।

डॉ. अर्चना ठाकुर वर्तमान में हिमाचल भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य हैं। इससे पूर्व वह प्रदेश भाजपा के आईटी एवं सोशल मीडिया सेल की कमान दो बार संभाल चुकी हैं। उनके पास करीब दो दशकों का शैक्षणिक, प्रशासनिक और सामाजिक सेवा का अनुभव है।

डॉ. ठाकुर ने महिलाओं के सामुदायिक विकास एवं महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। उनके सामाजिक एवं महिला सशक्तीकरण से जुड़े कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की जा चुकी है।

ओएनजीसी जैसे प्रतिष्ठित सार्वजनिक क्षेत्र के नवरत्न उपक्रम में स्वतंत्र निदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति को हिमाचल प्रदेश के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।