•मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में किया ऐलान, संत कबीर नगर के 863 उचित दर विक्रेताओं को मिलेगा लाभ; ई-पास आधारित फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ
के. के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लिए बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कोटेदारों को मिलने वाले लाभांश को ₹90 प्रति कुंतल से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल करने की घोषणा की। साथ ही सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पास आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया।




मुख्यमंत्री की घोषणा के संबंध में संत कबीर नगर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। खलीलाबाद विधायक अंकुर राज तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति एवं जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान जिले के उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री की घोषणा को सुना।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदयराम तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, पूर्ति निरीक्षक अभय नारायण सहित खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र एवं जनपद के अन्य उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।
कोटेदारों की भूमिका महत्वपूर्ण : अंकुर राज तिवारी
खलीलाबाद विधायक अंकुर राज तिवारी ने लाभांश बढ़ाए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की राशन वितरण व्यवस्था में कोटेदारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कोटेदार बिना किसी वेतन के सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में निरंतर सहयोग करते हैं।
उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेताओं की मेहनत का उचित प्रतिफल मिले, इसी भावना के साथ मुख्यमंत्री ने लाभांश बढ़ाने का निर्णय लिया है। विधायक ने जनपद के सभी कोटेदारों को बधाई देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ लागू करने में सहयोग की अपील की।
विधायक ने कोटेदारों को अपनी दुकानों को आधुनिक एवं सुसज्जित करने तथा सभी 39 प्रकार के सामान दुकान पर उपलब्ध रखने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे उचित दर विक्रेताओं की आय में भी वृद्धि हो सकती है।
समय से राशन वितरण पर दें विशेष ध्यान : डीएम
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने लाभांश बढ़ाए जाने पर उचित दर विक्रेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राशन वितरण व्यवस्था में उचित दर विक्रेताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों एवं कोटेदारों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को निर्धारित समय पर राशन उपलब्ध हो।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में हुआ सजीव प्रसारण
मुख्यमंत्री द्वारा लाभांश बढ़ाने की घोषणा से संत कबीर नगर जनपद के 863 उचित दर विक्रेता लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में किया गया।
मेहदावल विधानसभा क्षेत्र में तहसील मीटिंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 170, धनघटा विधानसभा क्षेत्र में 150 तथा खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में 150 उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना।