खलीलाबाद नगर सहकारी बैंक की गोला बाजार शाखा का नूतन परिसर शुरू

Vijaydoot News

संत कबीर नगर। खलीलाबाद नगर सहकारी बैंक लिमिटेड की गोला बाजार शाखा ने सोमवार से अपने नूतन एवं अत्याधुनिक परिसर में बैंकिंग सेवाओं का विधिवत शुभारंभ कर दिया। नवीन शाखा का परिसर पुराने भवन की ही गली में पंजाब एंड सिंध बैंक के बगल में स्थित है।

नवीन शाखा के उद्घाटन समारोह में बैंक के संस्थापक अध्यक्ष एवं संतकबीरनगर के पूर्व सांसद इंद्रजीत मिश्र ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर नूतन भवन का विधिवत उद्घाटन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए इंद्रजीत मिश्र ने सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खलीलाबाद नगर सहकारी बैंक आम जनमानस की वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई शाखा के माध्यम से ग्राहकों को और अधिक सुगम, त्वरित एवं बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर बैंक के सचिव राजेश प्रकाश मिश्र, प्रबंधक ज्ञानेंद्र प्रकाश मिश्र, अविनाश धर दुबे, उप प्रबंधक रत्नाकर त्रिपाठी सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बैंक के सम्मानित ग्राहक एवं स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक भी उपस्थित रहे। उन्होंने शाखा के नए परिसर के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बैंक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।