रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। लोकभवन सभागार, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं के लिए नई ई-पॉस आधारित कोटेदार कमीशन प्रणाली का शुभारंभ किया। इसके तहत प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि करते हुए कमीशन को ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

कार्यक्रम के दौरान सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया गया। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद मथुरा की सभी पांचों विधानसभाओं में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उचित दर विक्रेताओं द्वारा देखा गया।
मथुरा कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्या, उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार सहित उचित दर विक्रेताओं ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। जिलाधिकारी ने बताया कि नई व्यवस्था से जनपद मथुरा के 819 उचित दर विक्रेता लाभान्वित होंगे।
तहसील महावन में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विधायक बल्देव पूरन प्रकाश की उपस्थिति में हुआ। तहसील छाता में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के प्रतिनिधि नरदेव चौधरी ने कार्यक्रम देखा। तहसील मांट में ब्लॉक प्रमुख नौहझील सुमन चौधरी तथा तहसील गोवर्धन में उप जिलाधिकारी सुशील कुमार सिंह की उपस्थिति में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।
नई कमीशन प्रणाली से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक लाभ मिलने के साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली में ई-पॉस आधारित फीडबैक व्यवस्था के माध्यम से पारदर्शिता और जवाबदेही को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।