स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर खाद्य विभाग का विशेष अभियान, मिठाई व बटर टोस्ट के पांच नमूने लिए।

Vijaydoot News

मथुरा। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी मथुरा के आदेश के अनुपालन में स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

डॉ. जतिन कुमार सिंह, सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के निर्देशन तथा केके त्रिपाठी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सचलदल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

अभियान के दौरान लक्ष्मीनगर स्थित सोना मिठाई से बूंदी लड्डू का एक नमूना, पुराना बस स्टैंड से बूंदी का एक नमूना, गोवर्धन रोड स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार से बूंदी लड्डू का एक नमूना तथा छटीकरा स्थित मधु मिष्ठान भंडार से बूंदी का एक नमूना लिया गया।

इसके अलावा सोशल मीडिया पर ब्रजवासी स्वीट्स के दूषित बटर टोस्ट से संबंधित प्रसारित खबर का संज्ञान लेते हुए वहां से बटर टोस्ट का एक नमूना भी संग्रहित किया गया। कुल पांच नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नमूनों में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सचलदल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह, अरुण कुमार राणा, जितेन्द्र सिंह, राम नरेश, दिनेश कुमार भारती, मोहर सिंह कुशवाह, रीना शर्मा एवं नेहा शामिल रहीं।