मूसलाधार बारिश और जलभराव के चलते प्रयागराज में आज स्कूल बंद।

Vijaydoot News

•प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में घोषित हुआ रेनी-डे अवकाश।

प्रयागराज। जनपद प्रयागराज एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने 19 अगस्त 2026 को सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार, लगातार बारिश के कारण शिक्षकों तथा अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का विद्यालय पहुंचना कठिन हो गया है। ऐसी परिस्थितियों में किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 19 अगस्त को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में रेनी-डे अवकाश रहेगा।

अवकाश का आदेश परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों तथा अंग्रेजी और हिंदी माध्यम के स्कूलों पर लागू होगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित विद्यालय प्रबंधनों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश के बीच विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।