बिजली संकट को लेकर हिंदू महासभा ने दिया अल्टीमेटम।

Vijaydoot News

•22 अगस्त तक व्यवस्था सुधारने की मांग, सुधार न होने पर 24 अगस्त को धरने की चेतावनी।

रायबरेली। सरेनी विधानसभा क्षेत्र में बदहाल विद्युत आपूर्ति को लेकर अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र अग्निहोत्री ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर प्रतिदिन महज पांच से छह घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। इससे आम उपभोक्ताओं के साथ किसानों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण सिंचाई प्रभावित होने और फसलों को नुकसान की आशंका जताई है।

महासभा ने विशेष रूप से मलकेगांव विद्युत उपकेंद्र की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। संगठन ने प्रशासन को 22 अगस्त तक विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने का अल्टीमेटम दिया है।

संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो 24 अगस्त को मलकेगांव पावर हाउस परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। महासभा ने प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध और पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।