•माननीय विधायक बल्देव श्री पूरन प्रकाश जी एवं माननीय सांसद प्रतिनिधि श्री जनार्दन शर्मा जी ने जवानों को दी शुभकामनाएं।
मथुरा। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित राज्यस्तरीय पी.आर.डी. सम्मेलन का जनपद मथुरा के कलेक्ट्रेट सभागार (मीटिंग हॉल) में भव्य सजीव प्रसारण कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा० विधायक (बलदेव) श्री पूरन प्रकाश जी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में मा० सांसद प्रतिनिधि श्री जनार्दन शर्मा जी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ0 पंकज कुमार वर्मा द्वारा मा० विधायक बलदेव श्री पूरन प्रकाश जी को पटुका पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ (बुके) भेंट कर स्वागत किया गया। वहीं परियोजना निदेशक (जिला ग्राम्य विकास अभिकरण) श्री अरुण कुमार उपाध्याय द्वारा मा० सांसद प्रतिनिधि श्री जनार्दन शर्मा जी को पटुका पहनाकर एवं बुके देकर ससम्मान स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्रीमती गरिमा खरे एवं श्री विजय कुमार पाण्डेय (उपायुक्त श्रम रोजगार/ प्रभारी जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा की गई प्रमुख ऐतिहासिक घोषणाएं:
ड्यूटी भत्ते में भारी वृद्धिः पी.आर.डी. स्वयंसेवकों का दैनिक ड्यूटी भत्ता ₹500/- से बढ़ाकर ₹600/- प्रतिदिन किया गया, जिससे प्रदेश के 31,000 से अधिक जवान लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री पी.आर.डी. कैशलेस चिकित्सा योजनाः जवानों एवं उनके आश्रित परिजनों हेतु ₹5 करोड़ के बजटीय प्रावधान के साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड का शुभारंभ।
वर्दी भत्ता वितरणः जवानों के खातों में ₹3,000/- वर्दी भत्ते की धनराशि का सीधा डीबीटी (DBT) अंतरण ।
मल्टीस्टोरी बैरक का शिलान्यास: लखनऊ (सरोजनी नगर) में ₹22.95 करोड़ की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक पी.आर.डी. बैरक का शिलान्यास।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा० विधायक श्री पूरन प्रकाश जी ने मा० मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने जवानों के मानदेय में वृद्धि, कैशलेस उपचार एवं वर्दी भत्ता देकर उनके श्रम और त्याग का ऐतिहासिक सम्मान किया है। उन्होंने उपस्थित पी.आर.डी. जवानों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं की।
जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री विजय कुमार पाण्डेय जी ने जनपद में तैनात 247 जवानों (जिसमें 20 महिला जवान सम्मिलित हैं) द्वारा 22 थानों व यातायात व्यवस्था में किए जा रहे कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के नोडल प्रभारी श्री रवि बाबू शर्मा (क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, गोवर्धन) ने कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त तकनीकी व बैठक व्यवस्थाएं कुशलतापूर्वक संपन्न कराई। कार्यक्रम के सफल संचालन व प्रबंधन में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी श्री तरुण गौतम, श्रीमती स्वाति पाण्डेय, श्री नरेन्द्र सिंह तथा कनिष्ठ सहायक श्री राहुल कुलश्रेष्ठ का सराहनीय योगदान रहा।