26 अगस्त को निकलेगा जुलूसे मुहम्मदी, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन से सहयोग की अपील।

Vijaydoot News

मथुरा। जश्ने ईद मीलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर जश्ने ईद मीलादुन्नबी इंतजामियां कमेटी (रजि.), मथुरा की ओर से 26 अगस्त को जुलूसे मुहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस की तैयारियों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में कमेटी के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, प्रस्तावित मार्ग तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

कमेटी के अध्यक्ष मुजीबुर्रहमान ने बताया कि दावते इस्लामी इंडिया की जानिब से आयोजित जुलूसे मुहम्मदी 26 अगस्त को दोपहर 1 बजे मस्जिद जेबा, मनोहरपुरा स्थित कल्लू-मल्लू कारखाना से प्रारंभ होगा। जुलूस निर्धारित मार्ग से होते हुए पुनः कल्लू-मल्लू कारखाना पहुंचकर संपन्न होगा।

उन्होंने बताया कि जुलूस का मार्ग मस्जिद जेबा, कल्लू-मल्लू कारखाना, भरतपुर गेट, घीया मंडी, चौक बाजार, मंडी रामदास, डीग गेट होते हुए दरगसी रोड रहेगा।

अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा व्यवस्था की मांग

प्रेस वार्ता में जुलूस मार्ग की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सफाई, विद्युत आपूर्ति और अनुशासन को लेकर चर्चा की गई। आयोजकों ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से जुलूस मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की।

कमेटी के मुफ्ती आसिफ रजा ने प्रशासन से जुलूस से पूर्व मार्ग का निरीक्षण कर अवैध अतिक्रमण, खुले मैनहोल, निर्माण सामग्री, बिजली के तारों सहित अन्य संभावित बाधाओं को हटाने का अनुरोध किया। उन्होंने आवारा पशुओं पर नियंत्रण, आवश्यक यातायात डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग भी रखी।

वाहनों और बाइकों पर रहेगा प्रतिबंध

मुफ्ती आसिफ रजा ने बताया कि जुलूस को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखने के लिए मरकज अहले सुन्नत मस्जिद जेबा की निर्धारित गाड़ी के अलावा अन्य छोटे-बड़े वाहनों और बाइकों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

कमेटी ने पुलिस प्रशासन, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों से जुलूस के दौरान शांति, सुरक्षा, सफाई, यातायात एवं विद्युत व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

साथ ही जुलूस में शामिल होने वाले सभी अकीदतमंदों एवं आम नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने, निर्धारित मार्ग एवं यातायात नियमों का पालन करने तथा जुलूस को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की गई।

प्रेस वार्ता में हाफिज जियाउर्रहमान, हाफिज फहीम रजा, मीडिया प्रभारी मुहम्मद मशकूर अली, आशकीन रजा, मुफ्ती आसिफ रजा, मौलाना माजिद, हाफिज इशहाक, बुरहान भाई, जियान रजा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।