प्रयागराज। जार्जटाउन क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के आरोपित की तलाश में उसके घर दबिश देने के दौरान कथित तौर पर तोड़फोड़ और परिजनों से अभद्रता किए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में जार्जटाउन चौकी प्रभारी सुमित वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। प्रथमदृष्टया जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।
बताया जाता है कि जार्जटाउन क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने कुछ माह पूर्व गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। पिछले दिनों पुलिस उसकी तलाश में उसके घर पहुंची, लेकिन उस समय आरोपित घर पर मौजूद नहीं था।
परिजनों का आरोप है कि दबिश के दौरान चौकी प्रभारी सुमित वर्मा समेत पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की और अपशब्द कहे। आरोप यह भी है कि पुलिसकर्मियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस टीम के वापस लौटने के बाद परिजनों ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की।
पुलिस अधिकारियों को सौंपे गए सीसीटीवी फुटेज
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों को घटना से संबंधित कुछ सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए। अधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रथमदृष्टया आरोप सही पाए जाने पर जार्जटाउन चौकी प्रभारी सुमित वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दबिश के दौरान पुलिसकर्मियों के आचरण को लेकर सामने आई शिकायत को विभाग ने गंभीरता से लिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।