•अमहट घाट पर सुरक्षा, प्रकाश और भीड़ प्रबंधन का लिया जायजा।
बस्ती। दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह देर रात तक अमहट घाट पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने विसर्जन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआईजी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। वहीं, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और आवागमन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मजबूत बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
प्रशासन की ओर से विसर्जन प्रक्रिया के दौरान घाट पर लगातार निगरानी रखी गई, ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो और विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार एवं राजेश यादव, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


