श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की मासिक बैठक में पत्रकारों की समस्याओं और उनके समाधान पर हुई चर्चा
मथुरा। उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन (आईजेयू) की मथुरा इकाई की नियमित मासिक बैठक स्थानीय कार्यालय, होली गेट पर आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान, सम्मान और अधिकारों के साथ कल्याणकारी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पत्रकारों की एकजुटता को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उनके हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं। समाज की समस्याओं को सामने लाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी पहल जरूरी है।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकारों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने तथा उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों पर निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। संगठन ने पत्रकार हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने पर जोर दिया।


