अखण्डनगर/सुल्तानपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अखण्डनगर में बुधवार सुबह ड्यूटी पर तैनात अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र सिंह पर एक युवक ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना करीब 10.45 बजे अधीक्षक के कक्ष में हुई। हमले में डॉ. सिंह घायल हो गए। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा प्राणनाथ पुरबछेणिया निवासी सचिन गौड़ हाथ में लोहे की रॉड लेकर अधीक्षक के कक्ष में पहुंचा और डॉ. सिंह पर हमला कर दिया। शोर सुनकर अस्पताल के कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लाइन में खड़े होने को लेकर हुए विवाद के कारण उसने हमला किया।
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अमित सिंह पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लेकर अखण्डनगर थाने ले गए।
वहीं, हमले से नाराज डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों ने सुरक्षा की मांग को लेकर ओपीडी और आपातकालीन सेवाएं बंद कर विरोध जताया तथा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि सरकारी कार्य कर रहे सीएचसी अधीक्षक पर युवक ने हमला किया, जिससे वह घायल हुए हैं।
डॉ. सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं अब सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।