टूटे बिजली तार में दौड़ रहा करंट, बड़े हादसे का खतरा।

Vijaydoot News

बारिश के दौरान धू-धू कर जला तार, कई घरों पर मंडरा रहा खतरा
•ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल मरम्मत की मांग की

बल्दीराय/सुल्तानपुर। तहसील क्षेत्र के धनपतगंज फीडर अंतर्गत ग्रामसभा पड़रे के बहेरी गांव में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों के लिए कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। सोमवार की रात 17 अगस्त को बारिश के दौरान खम्भे की टूटी केबल अचानक धू-धू कर जलने लगी। तार में करंट दौड़ने से आसपास रहने वाले ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और कई घरों के लोगों को करंट उतरने का भय सताने लगा।    

ग्रामीणों के मुताबिक, खम्भे की केबल टूटने के बाद भी उसमें विद्युत प्रवाह बना हुआ है। बारिश के मौसम में जमीन और आसपास के हिस्सों में नमी होने के कारण स्थिति और अधिक खतरनाक बनी हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग को इसकी सूचना भी दी, लेकिन आरोप है कि अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।          

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते टूटी केबल को दुरुस्त नहीं कराया गया तो किसी भी समय बड़ी अनहोनी हो सकती है। खासकर आसपास के घरों में रहने वाले लोगों, बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरशद अली, इंद्रजीत यादव सहित कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विद्युत अधिकारियों को निर्देशित करने तथा खम्भे से टूटी केबल को शीघ्र जुड़वाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की और कोई हादसा हुआ तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। अब देखना यह है कि विद्युत विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है।