बस्ती। समग्र शिक्षा के समेकित शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को आवश्यक उपकरण एवं उपस्कर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एलिम्को कानपुर के सहयोग से बीआरसी विक्रमजोत में उपकरण मापन कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में कुल 156 दिव्यांग बच्चों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन किया गया।
परीक्षण के आधार पर बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ट्राई साइकिल, बैसाखी, व्हीलचेयर, सीपी चेयर, आईडी-टीएलएम किट, हियरिंग एड, ब्रेल किट सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इन उपकरणों का वितरण 27 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
जनपद में अभी दो और उपकरण मापन कैंप आयोजित किए जाने हैं। 21 अगस्त को बीआरसी साऊघाट तथा 22 अगस्त 2026 को बीआरसी बहादुरपुर में कैंप लगाया जाएगा।
कैंप में एलिम्को कानपुर से आए कृत्रिम अंग विशेषज्ञ फैसल करीम एवं अखिलेश यादव, ऑडियोलॉजिस्ट बाल गोपाल, तकनीशियन विवेक कुमार तथा डाटा ऑपरेटर आकाश ने बच्चों का परीक्षण किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी के निर्देशानुसार कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक सुनील कुमार त्रिपाठी ने किया। इस दौरान सभी स्पेशल एजुकेटर एवं फीजियोथेरेपिस्ट अजय पांडेय ने सहयोग प्रदान किया। बच्चों के ऑनलाइन यूडीआईडी पंजीकरण में महिंद्रा टेक फाउंडेशन की ऋतु पांडेय एवं अभिषेक ने सहयोग किया।