शिकायतों के बाद भी नहीं हुई नल की मरम्मत, मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं में नाराजगी।

Vijaydoot News

मिश्रिख(सीतापुर)। नगर के एमजीएम स्कूल के पास मोहल्ला चंदुपुर, वार्ड नंबर 21 स्थित मंदिर के समीप लगा इंडिया मार्का नल काफी समय से खराब पड़ा है। सावन माह में भी इसकी मरम्मत न होने से मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाली महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार नल खराब होने के कारण श्रद्धालुओं को पानी लेने के लिए दूर स्थित घरों का सहारा लेना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि नल की मरम्मत के लिए नगर पालिका के अधिकारियों को कई बार फोन के माध्यम से सूचना दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया।

श्रद्धालुओं और मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए तत्काल नल की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सावन जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक माह में मंदिर के पास पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए।

स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए नगर पालिका प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी करने और लापरवाही की जांच कराने की मांग की है। अब देखना है कि प्रशासन इस समस्या के समाधान को लेकर क्या कदम उठाता है।