रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। लहरपुर स्थित खेमकरन इंटर कॉलेज में शिव शक्ति सनातन सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाली भव्य कांवड़ यात्रा एवं विशाल भंडारे की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने आयोजक मंडल से तैयारियां समय से पूरी करने की अपेक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान चिकित्सा टीम, एंबुलेंस और चिकित्सा शिविरों की समुचित व्यवस्था रहे। जल लेने वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, संकेतक और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, विश्राम स्थलों पर प्रकाश, सफाई और पार्किंग की व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
वहीं एसपी अंकुर अग्रवाल ने कहा कि पूरा आयोजन अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ कराया जाए। कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने आयोजन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
बैठक में एसडीएम लहरपुर धामनी एम. दास, आयोजक मंडल के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।