•गणित की पढ़ाई होगी स्मार्ट, 50 परिषदीय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से लागू होगी योजना।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में बेसिक शिक्षा विभाग एवं सारथी एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में गांव नवादा स्थित प्राथमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
योजना के प्रथम चरण में कक्षा दो से पांच तक के छात्र-छात्राओं को टैबलेट प्रदान किए गए हैं। इन टैबलेट के माध्यम से बच्चों को विशेष रूप से गणित जैसे विषयों की पढ़ाई डिजिटल एवं स्मार्ट तरीके से कराई जाएगी। बताया गया कि इस प्रकार की डिजिटल शिक्षा व्यवस्था के लिए उत्तर प्रदेश में सबसे पहले सारथी एजुकेशन ने मथुरा जनपद का चयन किया है।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने कहा कि सरकारी स्कूलों के बच्चों को टैबलेट मिलने से उनकी पढ़ाई को नई दिशा मिलेगी और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक भी डिजिटल माध्यम से बच्चों को पढ़ाकर नई तकनीक का बेहतर उपयोग कर सकेंगे। इससे परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार आने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के तहत जनपद के 50 परिषदीय विद्यालयों का चयन किया गया है। इन विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से डिजिटल शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
टैबलेट मिलने से छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने कहा कि डिजिटल माध्यम से गणित और अन्य विषयों को समझना आसान होगा। शिक्षकों ने भी बच्चों को टैबलेट के माध्यम से बेहतर ढंग से पढ़ाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।