भाजपा राजनीतिक दल नहीं, गैंग है, सत्ता के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा हो गई है: अखिलेश यादव

Vijaydoot News

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा राजनीतिक दल नहीं, बल्कि गैंग है। भाजपा सरकार में जुल्म-ज्यादती की पराकाष्ठा हो गई है और सत्ता का दुरुपयोग सरकार अपना अधिकार समझती है। भ्रष्टाचार और सरकारी बजट की लूट भाजपा का मुख्य एजेंडा बन गया है। निर्दोषों को सताया जा रहा है, पीडीए समाज का उत्पीड़न हो रहा है और फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं। अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है।

गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। प्रतिदिन हत्या और लूट की घटनाएं हो रही हैं। बहन-बेटियां और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं तथा दिनदहाड़े अपराध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा पूरी तरह झूठा है।

अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे, चंदे और राम धन की कथित चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने इन मामलों को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावा चोरी में शामिल बड़े लोगों को बचाने का काम किया गया और चोरी तथा लूट करने वालों को संरक्षण दिया गया। उनके मुताबिक इससे जनता के भरोसे को ठेस पहुंची है।

उन्होंने भाजपा को षड्यंत्रकारी पार्टी बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ही भाजपा के षड्यंत्रों को विफल करने की ताकत रखती है।उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन से किसान, नौजवान, गरीब, मध्यम वर्ग, मजदूर और व्यापारी समेत प्रदेश की 90 प्रतिशत आबादी परेशान है। भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और महंगाई चरम पर है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने से बाज नहीं आ रही है और मोहम्मद आजम खां के खिलाफ भी साजिश की जा रही है।सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए समाज भाजपा को सत्ता से हटाने का मन पूरी तरह बना चुका है। इसी कारण भाजपा पीडीए समाज का उत्पीड़न कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का निर्णय ले चुकी है।प्रयागराज में बाढ़ और जलभराव के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज के हालात गंभीर हैं और बाढ़ तथा जलभराव से हजारों घर प्रभावित हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि महाकुंभ के नाम पर प्रयागराज के तथाकथित स्मार्ट विकास के लिए खर्च किए गए हजारों करोड़ रुपये के बावजूद शहर की मौजूदा स्थिति सरकार के विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि बाढ़ का केवल हवा-हवाई सर्वे करने से काम नहीं चलेगा। यदि सरकार में हिम्मत है तो उसे सड़कों पर उतरकर जनता का सामना करना चाहिए।

उन्होंने प्रयागराज में विकास और महाकुंभ के नाम पर हुए खर्च की जांच और उसकी वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखने की मांग करते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने कहा कि नाम बदलने से कुछ नहीं होता, सरकार को अपनी कार्यशैली और नीयत बदलनी चाहिए। लेकिन अब भाजपा सरकार की नीयत बदलने वाली नहीं है, इसलिए उत्तर प्रदेश और देश की जनता भाजपा सरकार को ही बदल देगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता से जाएगी और फिर कभी वापस नहीं आएगी।सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से पूरी तरह परेशान हो चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सत्ता से बाहर जाना तय है।

उन्होंने दावा किया कि जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी को न्याय, सम्मान और उनका हक दिलाया जाएगा।कार्यक्रम में सांसद अवधेश प्रसाद, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।