रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल में नशा मुक्ति भारत अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की महाप्रतिज्ञा।

Vijaydoot News

मथुरा। स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त भारत के निर्माण की दिशा में चलाए जा रहे “नशा मुक्ति भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन” के अंतर्गत रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल में विशेष जागरूकता एवं प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जीवनभर नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे जैसी बुरी आदतों से बचाने का संकल्प लिया।

यह अभियान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की द्वितीय प्रशासनिक प्रमुख दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्त जीवन की प्रतिज्ञा दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान का शुभारंभ 2 अगस्त को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा ऑनलाइन किया गया था। इसके पश्चात देश के विभिन्न जिलों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के ब्रह्माकुमारीज़, महोली रोड से बी.के. राधा दीदी एवं बी.के. देवी बहन तथा बी.एस.ए. कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. धीरज, प्रधानाचार्य श्री राजेश कुमार शर्मा, उपप्रधानाचार्य श्री प्रभात सिंह एवं डॉ. सुप्रिया शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे और उन्होंने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़, महोली रोड से बी.के. राधा दीदी एवं बी.के. देवी बहन तथा बी.एस.ए. कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. धीरज ने सहभागिता की। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, मानसिक स्थिति, पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा को प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के नशे के दबाव में न आने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं एवं छात्रों के लिए अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। दोनों सत्रों में विद्यार्थियों ने पूरे उमंग एवं उत्साह के साथ सहभागिता की तथा जीवनभर किसी भी प्रकार का नशा न करने, नशे के किसी भी दबाव में न आने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने की महाप्रतिज्ञा ली।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि नशामुक्ति केवल व्यक्तिगत संकल्प नहीं, बल्कि परिवार और समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। जब व्यक्ति स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लेता है और उस संकल्प के प्रति दृढ़ रहता है, तो वह अपने साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाने में योगदान देता है।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि स्वस्थ जीवन, सशक्त परिवार, उज्ज्वल भविष्य और विकसित भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त समाज आवश्यक है। आज के जागरूक एवं नशामुक्त विद्यार्थी ही कल के सशक्त भारत की आधारशिला बनेंगे। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवारजनों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय उपस्थिति एवं सहयोग रहा। कार्यक्रम का वातावरण विद्यार्थियों के उत्साह, जागरूकता और राष्ट्रहित की भावना से ओत-प्रोत रहा।