श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, मा० मंत्री ने दिए भव्य आयोजन के निर्देश।

Vijaydoot News

•3 से 4 सितंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम, सुरक्षा से लेकर सफाई और यातायात तक व्यापक इंतजाम।

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को भव्य एवं दिव्य बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा, यातायात, विद्युत, स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी एन, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग गुलवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि 5253वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अंतर्गत 2 से 4 सितंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए जनपद में पांच मुख्य मंच तथा 21 छोटे मंच बनाए जाएंगे। मुख्य मंचों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट परफॉर्मर्स द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

विश्राम घाट पर 4 सितंबर को शाम सात बजे 5100 दीपों का प्रज्ज्वलन प्रस्तावित है। इस पर मंत्री ने दीपों की संख्या और बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा 25 प्रमुख चौराहों पर विद्युत सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था, तीन घाटों पर विशेष सजावट तथा 25 प्रमुख चौराहों एवं उनसे जुड़े मार्गों पर आकर्षक सजावट की जाएगी। मथुरा शहर के 17 प्रमुख स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

प्रमुख मंदिरों में होगी विशेष सजावट

श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारिकाधीश मंदिर, दाऊजी मंदिर बल्देव, श्री राधारानी मंदिर बरसाना, श्री नंदबाबा मंदिर नंदगांव, बांके बिहारी मंदिर वृंदावन, प्रेम मंदिर, अक्षय पात्र, बिरला मंदिर मथुरा, इस्कॉन मंदिर, राधाबल्लभ मंदिर, श्री रंगजी मंदिर सहित विभिन्न प्रमुख मंदिरों में प्रकाश एवं सजावट की व्यवस्था की जाएगी।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर 3 सितंबर को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक शोभायात्रा आयोजित की जाएगी। आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए 50 होर्डिंग्स एवं डिजिटल प्रचार की व्यवस्था की जाएगी। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास छह प्रमुख मार्गों पर प्रवेश द्वार स्थापित किए जाएंगे। वहीं 7 से 9 सितंबर तक गीता शोध संस्थान, वृंदावन में श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित चित्रकला शिविर आयोजित होगा।

सोशल मीडिया से व्यापक प्रचार के निर्देश

जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग, स्टैंडी, प्रदर्शनी, एलईडी वैन और एलईडी स्क्रीन आदि की मांग भेजी गई है। मंत्री ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकाधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

76 अस्थाई शौचालय और 186 पेयजल टैंकर की व्यवस्था

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने बताया कि भंडारा संचालकों का पंजीकरण किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 76 अस्थाई शौचालय, 186 पेयजल टैंकर तथा करीब 1800 वाहनों की क्षमता वाली पांच स्थाई और 10 अस्थाई पार्किंग तैयार की जा रही हैं। मंदिरों के आसपास 10 जूता घर, खोया-पाया केंद्र तथा दिशा-सूचक चिन्ह लगाए जाएंगे।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं। सीसीटीवी और पीए सिस्टम से निगरानी एवं अनाउंसमेंट की जाएगी। बैरियर, बैरिकेडिंग और वॉच टावर भी स्थापित किए जाएंगे।

नगर निगम के छह कैटल कैचर के माध्यम से आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। करीब 1100 सफाई कर्मचारी तैनात किए जाएंगे, जबकि श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास लगभग 250 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाए जाएंगे।

प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध

नगर आयुक्त ने बताया कि ‘प्लास्टिक मुक्त ब्रज’ अभियान के तहत सभी भंडारा संचालकों को प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख मार्गों, चौराहों, स्थलों और गलियों की सजावट के साथ वॉल पेंटिंग, लाइट एवं कपड़ों से आकर्षक सजावट की जा रही है। मंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रैन बसेरे स्थापित करने के भी निर्देश दिए।

सड़कें गड्ढामुक्त करने और स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने के निर्देश

मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत कर उन्हें गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को नियमित दूरी पर एंबुलेंस तैनात करने, स्वास्थ्य शिविरों पर बड़े बैनर लगाने तथा अस्पतालों की मैपिंग करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड पर रहते हुए नियमित अंतराल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा गया।

3 जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया जनपद

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए जनपद को 3 जोन और 17 सेक्टर में विभाजित किया गया है। 95 बैरियर, 18 पार्किंग, 15 वॉच टावर, सात चेतक और एक खोया-पाया केंद्र बनाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 125 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी।

मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।