आरक्षी सुनील कुमार के निलंबन को लेकर सामाजिक संगठनों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग।

Vijaydoot News

वृंदावन। वृंदावन कोतवाली में तैनात आरक्षी सुनील कुमार के निलंबन के मामले को लेकर शनिवार को वृंदावन सिविल सोसाइटी सहित अन्य सामाजिक संगठनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के नाम ज्ञापन कोतवाली वृंदावन में सौंपा। सामाजिक संगठनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों का कहना था कि यदि किसी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाती है तो उसके पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच होना आवश्यक है। उनका कहना था कि लगातार ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के मनोबल को बनाए रखना भी जरूरी है। संगठनों ने आशंका जताई कि यदि यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल कमजोर हुआ तो अवैध बाइकर्स और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के हौसले बुलंद हो सकते हैं, जिसका सीधा असर वृंदावन की यातायात व्यवस्था पर पड़ेगा।

सामाजिक संगठनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लेने की मांग की। साथ ही वृंदावन में अवैध बाइकर्स और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष एवं तेज अभियान चलाने की भी मांग उठाई गई।

ज्ञापन के माध्यम से संगठनों ने कहा कि वृंदावन की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस और सामाजिक संगठनों को मिलकर प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।