पुलिस जीप में कार ने मारी टक्कर, 16 करोड़ का सोना बरामद, नेपाल से जुड़े तस्करी के तार।

Vijaydoot News

महराजगंज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे के बाद सोना तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। तेज रफ्तार कार ने पुलिस जीप में टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार की तलाशी ली गई तो उसमें करीब 16 करोड़ रुपये कीमत की सोने की 10 ईंटें बरामद हुईं। बरामदगी के बाद हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोने की यह खेप नेपाल सीमा के ठूठीबारी क्षेत्र से महराजगंज और गोरखपुर के रास्ते दिल्ली के दरियागंज ले जाई जा रही थी। पुलिस की कार्रवाई से तस्करों के मंसूबे नाकाम हो गए।

मामले में महराजगंज के ठूठीबारी थाना क्षेत्र निवासी संदीप जायसवाल और नेपाल के पाल्पा जिले के रहने वाले सरोज पंथ को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से शुरुआती पूछताछ के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कस्टम एवं सीमा शुल्क विभाग को सौंप दी गई है।

कन्नौज के तालग्राम थाने में पूछताछ के बाद कस्टम अधिकारी बरामद सोना और दोनों आरोपियों को अपने साथ लखनऊ लेकर रवाना हुए। अब जांच एजेंसियां सोने के स्रोत, वास्तविक मालिक और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।

जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि नेपाल से सोने की खेप भारत में किस माध्यम से लाई गई और इस नेटवर्क में महराजगंज, गोरखपुर से लेकर दिल्ली तक कौन-कौन लोग जुड़े हैं। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।