रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जनपद में किसानों को उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए 22 अगस्त को इफको डीएपी की 2763 मीट्रिक टन की रैक मथुरा पहुंची। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के निर्देशन में डीएपी का आवंटन कर उर्वरक बिक्री केंद्रों एवं सहकारी समितियों को प्रेषण कराया जा रहा है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अभिषेक कुमार मिश्र, अपर जिला सहकारी अधिकारी सदर गुलाम मुही, सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) सुरेंद्र सिंह तथा इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक सतबीर सिंह ने मथुरा जंक्शन स्थित रैक प्वाइंट का निरीक्षण कर उर्वरक प्रेषण की स्थिति की समीक्षा की।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ने बताया कि प्राप्त रैक में से कुल 91 सहकारी समितियों एवं संस्थाओं को डीएपी का आवंटन किया गया है। इन समितियों तक उर्वरक का प्रेषण कराया जा रहा है। रैक प्राप्त होने से जनपद में डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो गई है। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार संबंधित क्षेत्र की सहकारी समिति से उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद की सहकारी समितियों पर यूरिया एवं फॉस्फेटिक उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वहीं, अपर जिला सहकारी अधिकारी सदर एवं इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक ने किसानों से इफको नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के अधिकाधिक प्रयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नैनो उर्वरकों के उपयोग से रासायनिक उर्वरकों के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को कम करने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार, सहकारी समितियों पर सरकार की मंशा के अनुरूप नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया की भी पर्याप्त उपलब्धता है।