श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, भव्य आयोजन के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर जोर।

Vijaydoot News

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, ब्रज तीर्थ विकास परिषद की उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी एन, नगर आयुक्त ओजस्वी राज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि 5253वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अंतर्गत 2 से 4 सितंबर 2026 तक विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए जनपद में पांच मुख्य मंच और 21 छोटे मंच बनाए जाएंगे। इन मंचों के साथ प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट परफॉर्मर द्वारा भी प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

5 मुख्य और 21 छोटे मंचों पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

मुख्य मंच डैंपियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षागृह, रसखान समाधि स्थल ओएटी, परासौली चंद्र सरोवर ओएटी, श्रीकृष्ण जन्मस्थान लीला मंच और जवाहर बाग ओएटी में बनाए जाएंगे। इसके अलावा पोतरा कुंड, महाविद्या चौराहा, श्रीकृष्ण जन्मभूमि गेट नंबर-3, मसानी, डीग गेट, भूतेश्वर, रेलवे स्टेशन, बीएसए कॉलेज, नया बस अड्डा, कृष्णापुरी, गोवर्धन चौराहा, दानघाटी, जयगुरुदेव मंदिर, धौलीप्याऊ, बलदेव, गोकुल, महावन, नंदगांव, इस्कॉन मंदिर एवं बिरला मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर छोटे मंचों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

4 सितंबर को विश्राम घाट पर शाम सात बजे 5,100 दीपों का प्रज्ज्वलन किया जाएगा। मंत्री ने दीपों की संख्या और बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा 25 प्रमुख चौराहों पर विद्युत सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था, तीन घाटों की सजावट और प्रमुख चौराहों व मार्गों पर आकर्षक सजावट की जाएगी। मथुरा शहर के 17 प्रमुख स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

प्रमुख मंदिरों की होगी भव्य सजावट

श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारिकाधीश मंदिर, दाऊजी मंदिर बलदेव, राधारानी मंदिर बरसाना, नंदबाबा मंदिर नंदगांव, बांके बिहारी मंदिर एवं प्रेम मंदिर वृंदावन सहित प्रमुख मंदिरों की विशेष प्रकाश व्यवस्था एवं सजावट की जाएगी।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर 3 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा जन्मस्थान के आसपास छह प्रमुख मार्गों पर प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित चित्रकला शिविर का आयोजन 7 से 9 सितंबर तक गीता शोध संस्थान, वृंदावन में होगा।

प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पर होगा व्यापक प्रचार

जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग, स्टैंडी, प्रदर्शनी, एलईडी वैन और एलईडी स्क्रीन आदि की मांग भेजी गई है। मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से पर्व का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं के लिए 76 अस्थाई शौचालय और 186 पेयजल टैंकर

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने बताया कि नगर निगम द्वारा भंडारा संचालकों का पंजीकरण कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 76 अस्थाई शौचालय, 186 पेयजल टैंकर तथा लगभग 1,800 वाहनों की क्षमता वाली पांच स्थाई और 10 अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है।इसके अलावा खोया-पाया केंद्र, मंदिरों के आसपास 10 जूता घर तथा दिशा-सूचक चिन्ह लगाए जाएंगे। यातायात हॉटस्पॉट चिन्हित कर सुचारू यातायात की व्यवस्था की जा रही है। सीसीटीवी और पीए सिस्टम के माध्यम से निगरानी एवं अनाउंसमेंट की जाएगी। बैरियर, बैरिकेडिंग और वॉच टावर भी बनाए जाएंगे।

1,100 सफाई कर्मचारियों की तैनाती

नगर निगम द्वारा करीब 1,100 सफाई कर्मचारी लगाए जाएंगे, जबकि श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास लगभग 250 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती होगी। आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए छह कैटल कैचर लगाए गए हैं तथा निराश्रित गोवंश को गोशालाओं में संरक्षित किया जा रहा है।

मंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रैन बसेरे स्थापित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख मार्गों एवं सड़कों की मरम्मत कर उन्हें गड्ढामुक्त कराने को कहा।

प्लास्टिक मुक्त आयोजन पर जोर

नगर आयुक्त ने बताया कि ‘प्लास्टिक मुक्त ब्रज की रज’ अभियान के तहत भंडारा संचालकों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख मार्गों, चौराहों, स्थलों और गलियों को सजाया जा रहा है तथा वॉल पेंटिंग, लाइट और कपड़ों से सजावट की जा रही है।

स्वास्थ्य एवं अग्निशमन व्यवस्था रहेगी अलर्ट

मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को नियमित अंतराल पर एंबुलेंस तैनात करने, स्वास्थ्य शिविरों पर बड़े एवं स्पष्ट बैनर लगाने तथा अस्पतालों की मैपिंग कराने के निर्देश दिए। अग्निशमन विभाग को भी नियमित अंतराल पर व्यवस्थाओं की जांच करने और पूरे पर्व के दौरान अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा के लिए 3 जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया जनपद

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए जनपद को 3 जोन और 17 सेक्टर में विभाजित किया गया है। पुलिस विभाग द्वारा 95 बैरियर, 18 पार्किंग, 15 वॉच टावर, सात चेतक वाहन और एक खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था की जाएगी।

पर्व के दौरान 125 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। मंत्री ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग गुलवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।