रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जोड़ने के उद्देश्य से लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का रविवार को मथुरा कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। लखनऊ के जुपिटर सभागार, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों का सम्मान किया तथा कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। प्रदेश में करीब 3.54 लाख रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराने की पहल की गई है।






मथुरा में आयोजित कार्यक्रम में बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। लखनऊ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद मुख्यालय के साथ सभी तहसीलों में भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराया गया।
13 रसोइयों को किया गया सम्मानित
जिला प्रशासन एवं बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय ‘रसोइया सम्मान समारोह एवं संवाद कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि बलदेव विधायक पूरन प्रकाश ने 13 रसोइयों मछला, ज्ञानवती, ममता, योगेंद्र कुमार, बसंती देवी, कमलेश, हसीना, इंद्रा देवी, रामबेटी, सीता कुमारी, डोरी लाल, सकुनात और समीना को बढ़े हुए मानदेय के चेक, आयुष्मान कार्ड एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया।
बच्चों के पोषण और उपस्थिति में रसोइयों की अहम भूमिका
विधायक पूरन प्रकाश ने रसोइयों के सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रसोइये निस्वार्थ भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए रसोइयों से संवाद किया और उनके अनुभव एवं समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी गिरिराज सिंह, राकेश कुमार, दिनेश कुमार त्रिपाठी, बुद्धसेन सिंह, कौशल कुमार, जिला समन्वयक अतुल पाठक, राहुल फोगाट, विक्रांत कुमार, आशीष भदौरिया, प्रगति मिश्रा, अंजुल शर्मा तथा स्टेट रिसोर्स ग्रुप के अमित कुमार अद्भुत, शिव कुमार और दिव्या मिश्रा सहित एआरपी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में रसोइये उपस्थित रहे।