-बाँटे गए प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड और चेक
बस्ती। ब्लॉक संसाधन केंद्र हर्रैया के सभागार में रविवार को रसोइयों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगेंद्र सिंह ने की, जबकि विक्रमजोत ब्लॉक प्रमुख केके सिंह मुख्य अतिथि रहे। रसोइयों, शिक्षकों और उपस्थित अतिथियों ने प्रदेश स्तर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का ऑनलाइन सीधा प्रसारण भी देखा। समारोह में हर्रैया तहसील क्षेत्र के सभी विकासखंडों से बड़ी संख्या में आए रसोइयों ने प्रतिभाग किया। प्रत्येक ब्लॉक से एक-एक रसोइया को सम्मानित किया गया।
रसोइयों का मानदेय 2000 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में सम्मानित रसोइयों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर अभिनंदन किया गया। साथ ही प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड और चेक भी वितरित किए गए। मानदेय में हुई बढ़ोतरी को लेकर रसोइयों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने और भोजन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके परिश्रम को सम्मान मिलना सराहनीय कदम है। कार्यक्रम अध्यक्ष ने कहा कि रसोइये विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। बच्चों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका अहम है। मानदेय में वृद्धि से रसोइयों का उत्साह बढ़ेगा और उन्हें अपने कार्य के प्रति और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। बीईओ विजय आनंद ने रसोइयों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में भोजन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में उनकी जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। बीईओ प्रभात श्रीवास्तव ने भी रसोइयों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए मानदेय वृद्धि को उनके हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम का संचालन विवेक कान्त पाण्डेय ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से गिरजेश बहादुर सिंह, राकेश प्रकाश श्रीवास्तव, सुनील कुमार, विवेकानंद शुक्ल, ऋषि सिंह, राजेश वर्मा, दिवाकर सिंह, राकेश सहित विभिन्न विकासखंडों से आए रसोइये मौजूद रहे।
६