योगी सरकार ने 3.54 लाख मिड-डे मील रसोइयों को कैशलेस इलाज और दुर्घटना बीमा का दिया तोहफा।

Vijaydoot News

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस देश का बचपन स्वस्थ होगा, वही देश समर्थ और सशक्त बनेगा। लखनऊ में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री शामिल हुए।

इस अवसर पर प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों को बड़ी सौगात दी गई। रसोइयों और उनके परिवारों को प्रति वर्ष ₹5 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। इससे रसोइयों को गंभीर बीमारी या आकस्मिक स्वास्थ्य संबंधी जरूरत के समय बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान रसोइयों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच ₹2 लाख की दुर्घटना बीमा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अनुबंध पत्र का आदान-प्रदान हुआ। इस व्यवस्था से रसोइयों को आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले प्रदेश सरकार की ओर से मिली इस सौगात को रसोइयों के लिए महत्वपूर्ण राहत के रूप में देखा जा रहा है। पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले इन रसोइयों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को लेकर सरकार के इस कदम से उन्हें आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने रसोइयों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके सम्मान और कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।