सरयू नहर में मिला अज्ञात युवती का शव, इलाके में मचा हड़कंप।

Vijaydoot News

बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के महादेऊरा गांव के उत्तर स्थित सरयू नहर खंड-4 में रविवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने नहर में शव उतराता देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रुधौली पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उसके पास मिले कुछ सामान और कपड़ों के आधार पर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ के साथ अन्य थानों से भी संपर्क कर रही है। शव नहर में कहां से आया और घटना की परिस्थितियां क्या हैं, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।