जागरूक भारत मिशन जनजागृति पदयात्रा पहुंची हरियाणा, डॉ. शेख बोले- भ्रष्टाचार और नफरत के खिलाफ हिंदू-मुस्लिमों को मिलकर लड़ना होगा।

Vijaydoot News

होडल (हरियाणा)। जागरूक भारत मिशन जनजागृति पदयात्रा के हरियाणा पहुंचने पर वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख ने नागपुर से दिल्ली तक पदयात्रा कर रहे अनिल चौहान का होडल पहुंचने पर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पदयात्रा के उद्देश्यों का समर्थन करते हुए भ्रष्टाचार, भुखमरी और समाज में बढ़ती नफरत के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

डॉ. शेख ने कहा कि अनिल चौहान देश से भ्रष्टाचार और भुखमरी के खिलाफ तथा उन ताकतों के विरोध में संघर्ष कर रहे हैं, जो सत्ता हासिल करने के लिए हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को खराब करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि देश में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता को मजबूत करना समय की जरूरत है। भ्रष्टाचार और नफरत के खिलाफ हिंदू-मुस्लिमों को एक साथ मिलकर लड़ना होगा।

इस मौके पर जागरूक भारत मिशन जनजागृति समिति के अध्यक्ष अनिल चौहान ने कहा कि वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख ने मथुरा में भी पदयात्रा का स्वागत किया था और अब हरियाणा में भी स्वागत करने पहुंचे हैं। इसके लिए उन्होंने डॉ. शेख के प्रति आभार जताया।

अनिल चौहान ने कहा कि डॉ. शेख गरीबों, मजदूरों, किसानों, अल्पसंख्यकों, दलितों, पिछड़ों और अति पिछड़ों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशवासियों को जागरूक होने की जरूरत है। आज देश को नफरत की नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और भाईचारे की आवश्यकता है।

डॉ. शेख ने कहा कि उनकी पार्टी उन सभी लोगों के साथ खड़ी है, जो भारत और भारतवासियों से प्रेम करते हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने समर्थकों के साथ 5 सितंबर को राजघाट पहुंचेंगे और पदयात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर शपथ लेकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर सरकार से आग्रह एवं संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. शेख के साथ सफीर, वसीम, पवन, रोहताश, इमरान, कासिफ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।