ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का डीएम ने किया मासिक बाहरी निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी।

Vijaydoot News

मथुरा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपद मथुरा में स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक बाहरी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं, साफ-सफाई तथा निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के संचालन और उनके बैकअप की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात कर्मियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा कर्मियों से अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने, सतर्कता बनाए रखने और निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान इंडियन नेशनल कांग्रेस से बलवीर सिंह प्रधान, समाजवादी पार्टी से सोनू ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी से मुनेन्द्र सिंह निगम तथा कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से सुरेश कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्य, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गुलवीर सिंह तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खंडेलवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।