•नागपुर से दिल्ली तक 1500 किमी की पदयात्रा कर रहे अनिल चौहान का जोरदार स्वागत.
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। वंचित समाज इंसाफ पार्टी के कार्यालय पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता आस मोहम्मद ने की। बैठक में नागपुर से दिल्ली तक तकनीकी पदयात्रा कर रहे जागरूक भारत मिशन के चेयरमैन अनिल चौहान भी पहुंचे। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

अनिल चौहान नागपुर से दिल्ली तक करीब 1500 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकले हैं। वह 5 सितंबर को राजघाट पहुंचकर यात्रा का समापन करेंगे। उन्होंने बताया कि पदयात्रा का उद्देश्य देश में भाईचारा कायम करने, नफरत फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने तथा सरकारों की जवाबदेही तय कराने के लिए जनजागरूकता पैदा करना है।
इस मौके पर वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख ने अनिल चौहान के हौसले की सराहना करते हुए कहा कि इतनी लंबी दूरी की पदयात्रा देश में बदलाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी 5 सितंबर को राजघाट पहुंचकर अनिल चौहान का उत्साहवर्धन करेंगे।
डॉ. शेख ने कहा कि वंचित समाज इंसाफ पार्टी गरीबों, मजदूरों, किसानों, अल्पसंख्यकों, दलितों, पिछड़ों, अति पिछड़ों और बेरोजगारों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रही है और आगे भी संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें नफरत फैलाने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में हो रही घटनाओं पर सरकारों को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
डॉ. शेख ने कहा कि उनकी पार्टी वर्ष 2009 से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 में जंतर-मंतर पर भी धरना दिया गया था और आगे भी इस मुद्दे को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने भारत सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने तथा मांस के निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।
बैठक में कुमारी सोनी, लाइक अहमद, सफीर, इमरान, कल्लू भाई, आस मोहम्मद, नेता जी, उज्ज्वला, प्रदीप कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।