आउटसोर्स कर्मियों को मिलेगा सीधे बैंक खाते में मानदेय, सेवा सुरक्षा भी होगी मजबूत।

Vijaydoot News

मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मियों के हित में शुरू किए गए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के पोर्टल, वेबसाइट एवं लोगो के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को मथुरा-वृंदावन नगर निगम के सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। मथुरा नगर निगम स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नगर निगम सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देखा।

यहाँ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के पोर्टल, वेबसाइट और लोगो का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के दौरान आउटसोर्स कर्मियों के मानदेय, सेवा सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने बताया कि आउटसोर्स सेवा में पारदर्शिता और सुशासन स्थापित करने के साथ रोजगार के अवसरों को नई दिशा देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि अब आउटसोर्स कर्मियों के बैंक खातों में सीधे मानदेय भेजने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उनके मानदेय में किसी प्रकार की अनावश्यक कटौती की संभावना कम होगी।

उन्होंने बताया कि आउटसोर्स कर्मियों की सेवा समाप्त करने से पहले संबंधित आउटसोर्स कंपनी को सरकार को इसकी जानकारी देनी होगी। मामले की जांच और निर्धारित प्रक्रिया के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही ईएसआई की धनराशि का लाभ बीमा के रूप में कर्मियों को मिलेगा, जिससे उन्हें भविष्य में सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्राप्त हो सके।

नगर आयुक्त ने कहा कि आउटसोर्स कर्मियों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए भी जागरूक किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहने के लिए सकारात्मक माहौल और अच्छी संगत का होना बेहद आवश्यक है। सामाजिक दायरा और संगत ऐसी होनी चाहिए, जिससे व्यक्ति नशे से दूरी बनाए रखे।
उन्होंने कहा कि कई लोग खुशी और गम के अवसरों पर भी नशे का सहारा लेते हैं और बाद में इससे छुटकारा पाने के लिए दवाओं का सहारा लेते हैं। सरकार का प्रयास है कि ऐसी स्थिति ही पैदा न हो और लोगों को नशे की लत से दूर रखने के लिए पहले से ही जागरूकता का माहौल तैयार किया जाए। —ओजस्वी राज, नगर आयुक्त, मथुरा-वृंदावन नगर निगम।