•ब्रज 84 कोस, गोवर्धन, वृंदावन, बरसाना व मथुरा परिक्रमा की व्यवस्थाओं की समीक्षा, सुरक्षा से लेकर पेयजल तक पर विशेष जोर
मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने पावन अधिकमास के अवसर पर आयोजित होने वाली ब्रज 84 कोस परिक्रमा, वृंदावन परिक्रमा, गोवर्धन परिक्रमा, बरसाना परिक्रमा तथा मथुरा परिक्रमा की व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं परिक्रमार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकमास 15 जून 2026 तक रहेगा। इस दौरान लाखों-करोड़ों श्रद्धालु ब्रज क्षेत्र में विभिन्न परिक्रमाओं में शामिल होते हैं। ऐसे में परिक्रमा मार्गों पर स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, भोजन एवं भंडारों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परिक्रमा क्षेत्रों के लिए बनाए गए सुपर जोन
अधिकमास के दौरान व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी के लिए जनपद को विभिन्न सुपर जोन में विभाजित किया गया है।
- गोवर्धन परिक्रमा – अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा
- बरसाना परिक्रमा – अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार
- वृंदावन परिक्रमा – अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) नंद प्रकाश मौर्य
- गोकुल, बलदेव एवं मांट क्षेत्र – अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) वेद प्रिय आर्य
- मथुरा शहरी क्षेत्र – नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा एवं अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी नामित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
विद्युत, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि आंधी-तूफान और वर्षा से प्रभावित सभी फॉल्ट तत्काल ठीक कराए जाएं तथा परिक्रमा मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया कि परिक्रमा मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, मोबाइल एवं स्थायी शौचालयों की व्यवस्था तथा दिशा-सूचक संकेतक लगाए जाएं।
स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविरों में चिकित्सकों और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा संचालित रखने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
जिलाधिकारी ने एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र प्रकाश को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग, बैरियर, ट्रैफिक डायवर्जन और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती बनाए रखने को कहा।
पुलिस अधिकारियों को नियमित गश्त करने, सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने श्रद्धालुओं से परिक्रमा मार्गों को स्वच्छ रखने की अपील करते हुए कहा कि कूड़ा केवल निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें। उन्होंने भंडारा संचालकों से भी अपने आसपास सफाई बनाए रखने तथा उपयोग किए गए दोने, पत्तल, गिलास और अन्य सामग्री को एकत्र कर कूड़ेदान में डालने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को परिक्रमा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों।