रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख-नैमिष विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रनियापुर में रविवार को अमर शहीद रामलखन यादव को श्रद्धांजलि अर्पित कर भावपूर्ण नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए शहीद रामलखन यादव द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उपस्थित लोगों ने शहीद के सम्मान में श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को नमन किया।
इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, गणमान्य नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर शहीद को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।