•सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं, टीबी स्क्रीनिंग और उपचार व्यवस्था का लिया जायजा, अभियान को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
सहजनवा(गोरखपुर)। सहजनवा तहसील क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरौली अंतर्गत सोमवार को आयुष्मान आरोग्य शिविर एवं 100 दिवसीय सघन टीबी-मुक्त भारत अभियान का निरीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी गोरखपुर डॉ. राजेश झा ने आंगनवाड़ी केंद्र अड़ीलापार (उपकेंद्र खरौला) तथा प्राथमिक विद्यालय देईपार (उपकेंद्र जैतपुर) पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिवानंद मिश्रा भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने शिविर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवा वितरण व्यवस्था, स्वास्थ्य जांच, टीबी स्क्रीनिंग प्रक्रिया तथा संदिग्ध मरीजों की ट्रैकिंग व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण पहल है। वहीं, टीबी-मुक्त भारत अभियान की सफलता के लिए जनजागरूकता, समय पर जांच और उपचार अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण दल ने आंगनवाड़ी एवं विद्यालय आधारित शिविरों में बच्चों और वयस्कों की स्वास्थ्य जांच, पोषण स्थिति की निगरानी तथा टीबी स्क्रीनिंग से संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया। इस दौरान आशा एवं एएनएम कर्मियों द्वारा समुदाय स्तर पर किए जा रहे सर्वेक्षण, संदिग्ध रोगियों की पहचान और गृह भ्रमण के प्रयासों की सराहना की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संदिग्ध टीबी रोगियों की शीघ्र जांच सुनिश्चित की जाए तथा पात्र मरीजों को समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिवानंद मिश्रा ने कहा कि अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों का नियमित प्रशिक्षण तथा जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय के साथ समन्वय बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर डीसीपीएम रिपुंजय पाण्डेय, बीसीपीएम शिव बहादुर यादव, हेल्थ सुपरवाइजर हेमंत कुमार, अरुण कुमार गौतम, एसटीएस रत्नेश, एसटीएलएस महेश अग्रहरि, सीएचओ कुमारी ममता यादव, एएनएम श्रीमती अंबिकेश एवं श्रीमती रेनू देवी, आशा संगिनी श्रीमती संध्या सिंह सहित समस्त आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।