•मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर युवक ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
कुदरहा(बस्ती)। लालगंज थाना क्षेत्र के परेवा गांव निवासी एक युवक ने पुलिस चौकी कुदरहा के प्रभारी पर शिकायतकर्ता के साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि बहन के साथ हुई मारपीट की शिकायत लेकर चौकी पहुंचने पर उसे ही कई घंटों तक चौकी में बैठाए रखा गया।
परेवा निवासी पप्पू ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने उसकी बहन के साथ मारपीट की थी। घटना की शिकायत लेकर वह पुलिस चौकी कुदरहा पहुंचा और लिखित प्रार्थना पत्र दिया। आरोप है कि शिकायत मिलने के बाद चौकी प्रभारी ने आरोपित पक्ष को भी चौकी पर बुला लिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपितों को जिस कमरे में बैठाया गया था, उसे भी उसी कमरे में कई घंटों तक बैठाए रखा गया। इस दौरान उसे बताया गया कि सभी पक्षों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की जा सकती है। पप्पू का आरोप है कि रविवार को सुबह लगभग 9:30 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक उसे चौकी परिसर में रोके रखा गया।
पीड़ित का कहना है कि चौकी से निकलने के बाद वह सीधे लालगंज थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उसने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।