सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण जनपद सिद्धार्थनगर के अम्बेडकर सभागार में उत्साहपूर्वक देखा गया। लोकभवन, लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में मा0 सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य तथा जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित सम्मान समारोह का लाइव प्रसारण देखा। समारोह के दौरान मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सराहा गया तथा उन्हें भविष्य में और अधिक मेहनत कर सफलता के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया।
अपने संबोधन में सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि आज प्रदेश में शिक्षा का स्तर निरंतर बेहतर हो रहा है और छात्राएं विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और देश तथा समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा दिया गया यह सम्मान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देगा। जिलाधिकारी ने सभी विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करने और जनपद का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कक्षा-10 के आठ तथा कक्षा-12 के दस मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं सांकेतिक चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दे रहा था।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल, परियोजना निदेशक नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।