•50 में 50 अंक हासिल कर जिले का बढ़ाया गौरव, 305 विद्यार्थियों ने कराया था पंजीकरण।
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 में औरैया जनपद के सात प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 50 में 50 अंक हासिल किए। छह सितंबर को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित परीक्षा में जनपद से कुल 305 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जो कानपुर प्रांत में सर्वाधिक रहा।
क्रीड़ा भारती औरैया के जिला मंत्री मनीष मिश्रा ने बताया कि जिला अध्यक्ष नीरज राजपूत के नेतृत्व में परीक्षा के लिए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। परीक्षा के लिए 20 मिनट का समय निर्धारित था। समान अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों की मेरिट उनके द्वारा परीक्षा पूर्ण करने में लिए गए समय के आधार पर निर्धारित की गई।
जनपद स्तर पर रिया (एडवांस योगा अकैडमी, औरैया) ने प्रथम, दिव्यांशी (गेल डीएवी पब्लिक स्कूल, दिबियापुर) ने द्वितीय, आफरीन बानो (कंपोजिट विद्यालय रठगांव, एरवा कटरा) ने तृतीय, जन्नत (कंपोजिट विद्यालय रठगांव, एरवा कटरा) ने चतुर्थ, दिव्यांशी (लिटिल एंजल पब्लिक स्कूल, बिधूना) ने पांचवां, शिवांगी (लिटिल एंजल पब्लिक स्कूल, बिधूना) ने छठवां तथा बेबी कुमार (बाल विकास संस्थान इंटर कॉलेज, बाबरपुर) ने सातवां स्थान प्राप्त किया।
सभी प्रतिभागियों के पूर्ण 50 अंक प्राप्त करने पर ओलंपिक संघ औरैया के अध्यक्ष राजकुमार दुबे, प्रधानाचार्य कृष्ण मोहन उपाध्याय तथा क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों मनोज भदौरिया, राहुल गुप्ता, विशाल कुमार, महेश शर्मा, राजीव गुप्ता, मुकुल यादव और हेमलता सहित अन्य लोगों ने बधाई दी।
जिला अध्यक्ष नीरज राजपूत ने बताया कि क्रीड़ा भारती का जल्द ही विकासखंड स्तर पर विस्तार किया जाएगा। साथ ही परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।


