भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का होगा शुभारंभ।

Spread the love

मथुरा। श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के तत्वावधान में श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति द्वारा 2 जून से 8 जून तक श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा का आयोजन अधिकमास के अवसर पर पूर्ण श्रद्धा और भव्यता के साथ किया जा रहा है।

संस्थान सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि ठाकुरजी की जन्मस्थली पर आयोजित इस कथा में व्यासपीठ से रसिक संत गोस्वामी वैष्णवाचार्य पंडित पुण्डरीक गोस्वामी प्रतिदिन प्रातः 6:30 बजे से 10 बजे तक श्रीकृष्ण लीलाओं का रसपान कराएंगे। कथा श्रवण हेतु आने वाले श्रद्धालुओं के लिए संस्थान द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

संस्थान सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने कहा कि सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए संस्थान सदैव प्रयासरत रहता है तथा धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने का आह्वान किया।

समिति अध्यक्ष मुकेश खण्डेलवाल एडवोकेट ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 जून को प्रातः 7:30 बजे श्रीनाथ पैलेस, अलबेली सरकार मंदिर के सामने महाविद्या कॉलोनी से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा पोतरा कुण्ड, होलीगेट होते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गेट संख्या-1 से कथा स्थल तक पहुंचेगी।

कलश यात्रा में 151 महिलाएं मंगल कलश लेकर शामिल होंगी। साधु-संतों की टोली मृदंग व कीर्तन के साथ यात्रा की शोभा बढ़ाएगी तथा ठाकुर केशवदेव सुसज्जित रथ में विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे।

कथा महोत्सव के अंतर्गत 5 जून को ठाकुरजी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा, जबकि 8 जून को कथा का विश्राम होगा। कथा में अनेक संत-महंत उपस्थित होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। नगर की धर्मप्रेमी जनता को कथा श्रवण हेतु सादर आमंत्रित किया गया है।

पत्रकार वार्ता में राजेन्द्र खण्डेलवाल, गिरीश चन्द्र सर्फ, महेश चन्द प्रेस वाले, मुरारीलाल गर्ग, विजेन्द्र खण्डेलवाल, अतुल हार्डवेयर वाले, प्रेम अग्रवाल एवं मीडिया प्रभारी दीपक गोला उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *